रायपुर में इलाज करा रहे मरीजों और परिजनों से की आत्मीय मुलाकात, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर
जशपुर/रायपुर, 11 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय शुक्रवार को रायपुर स्थित कुनकुरी सदन पहुंचीं। उन्होंने यहां इलाज के लिए ठहरे गंभीर मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना तथा उपचार से संबंधित जानकारी ली।
श्रीमती कौशल्या साय ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए उपलब्ध रहने, भोजन, मेडिकल चेकअप एवं अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से इलाज के लिए रायपुर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जरूरतमंद मरीजों के लिए सहारा बना कुनकुरी सदन
रायपुर में इलाज के लिए आने वाले जशपुर सहित अन्य जिलों के गंभीर मरीजों और उनके परिजनों के लिए कुनकुरी सदन राहत और सहारे का केंद्र बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल से यहां मरीजों के ठहरने, भोजन और अस्पताल तक पहुंचने सहित आवश्यक सहयोग की व्यवस्था की गई है।
इस पहल से दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज के दौरान रहने और भोजन की चिंता से काफी राहत मिल रही है। साथ ही अस्पताल में भर्ती एवं उपचार की प्रक्रिया में भी आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग मिल रहा है।
बगिया कैंप कार्यालय से लेकर रायपुर तक एक साथ मिल रही मदद
गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया भी मदद और उम्मीद का बड़ा केंद्र बना हुआ है। मरीज अथवा उनके परिजन कैंप कार्यालय में अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं, जहां प्रकरण की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई एवं मार्गदर्शन किया जाता है।
जरूरत के अनुसार मरीजों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से रायपुर भेजने की व्यवस्था की जाती है। रायपुर पहुंचने के बाद मरीजों को अस्पताल और उपचार की प्रक्रिया में भटकना न पड़े, इसके लिए कुनकुरी सदन के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
मरीजों ने जताया आभार
कुनकुरी सदन में ठहरे मरीजों एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि ऐसी व्यवस्था से दूरदराज से आने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज के दौरान बड़ी राहत मिल रही है।