अंकिरा। मुख्यमंत्री निवास बगिया में हिंदू कुल तिलक, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव केवल एक प्रखर राष्ट्रवादी नेता ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और जनजातीय गौरव के सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन धर्म, संस्कृति और समाजसेवा के लिए समर्पित किया। उनका व्यक्तित्व, विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव समाज को प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जूदेव जी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ ‘घर वापसी’ अभियान एक ऐतिहासिक सामाजिक आंदोलन के रूप में सामने आया। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए सदैव आवाज बुलंद की। वनांचल क्षेत्रों में आदिवासी समाज को उनकी संस्कृति, गौरव और पहचान से जोड़ने के लिए भी उन्होंने निरंतर कार्य किया।
श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की राष्ट्रवादी विचारधारा, अडिग संकल्प, निडरता और ओजस्वी नेतृत्व आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जूदेव जी का जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव स्मरण करेंगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने भी स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा राष्ट्र, धर्म, संस्कृति और समाज के लिए उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।