अंबिकापुर। बारिश के बीच अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लिया है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने सीधे सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कलेक्टर को तत्काल मौके पर निरीक्षण करने और आवश्यक सुधार कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।
🔴 CM साय का साफ संदेश— जनता को नहीं होनी चाहिए परेशानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए। सड़क निर्माण या बारिश के कारण यदि कहीं दुर्घटना की आशंका है तो वहां तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
🚧 पूरे प्रदेश की सड़कों पर कलेक्टरों की नजर
CM साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करें। जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और संबंधित विभागों व निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी की हो—जनता को राहत दिलाने की जिम्मेदारी में जिला प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
⚡ बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्यों में आएगी तेजी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर स्थायी मरम्मत एवं निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
CM साय ने साफ कहा कि सड़क निर्माण के कारण आम लोगों को लंबे समय तक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जनता की सुविधा, सड़क सुरक्षा और सुगम आवागमन सरकार की प्राथमिकता है।