अंकिरा /फरसाबहार। विकासखंड फरसाबहार के शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर जनपद पंचायत फरसाबहार की उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या सिंह ने गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजा है। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्गेश देवांगन के स्थानांतरण की मांग की है।
मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में संध्या सिंह ने आरोप लगाया है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी की नकद वसूली एवं कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षा समिति के समक्ष आवश्यक जानकारी और पारदर्शिता नहीं रखी जा रही है तथा समिति के सदस्यों को भी संबंधित मामलों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
संध्या सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। यदि शिक्षा समिति के सदस्यों को ही आवश्यक जानकारी नहीं मिलेगी तो विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों के कारण शिक्षा विभाग की छवि प्रभावित हो रही है।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए BEO दुर्गेश देवांगन को फरसाबहार विकासखंड मुख्यालय से तत्काल स्थानांतरित करने का अनुरोध किया है। अब इस शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, यह देखने वाली बात होगी।