अंकिरा /जशपुर। फरसाबहार विकासखंड में शिक्षकों के साथ कथित आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शिकायतों की विस्तृत जांच के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, जशपुर ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला जशपुर की फरसाबहार इकाई द्वारा 5 अगस्त 2026 को प्रस्तुत शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसीसी से संबंधित विभिन्न आरोप लगाए गए हैं।
जांच समिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत जशपुर को अध्यक्ष, जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर को सदस्य तथा लेखाधिकारी, जिला पंचायत जशपुर को सदस्य बनाया गया है।
समिति को प्राप्त शिकायत के बिंदुओं की विस्तृत एवं बिंदुवार जांच कर 7 दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षक संगठन की ओर से लगाए गए आरोपों में आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर विषय शामिल हैं। हालांकि, इन आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रशासन द्वारा जांच समिति गठित किए जाने के बाद अब शिक्षकों की नजर जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
जिला प्रशासन की इस पहल से शिकायतों की निष्पक्ष जांच होने और वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद बढ़ गई है।