अंकिरा /मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार संभव हो सका। आर्थिक तंगी के कारण लंबे समय से इलाज नहीं करा पा रहे अविनाश को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया की पहल पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
स्वस्थ होने के बाद अविनाश मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिर पा रहे हैं और दैनिक कार्य भी कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
जन्म से थी शारीरिक समस्या
अविनाश को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ परेशानी भी बढ़ती गई। इससे उन्हें चलने-फिरने और दैनिक कार्यों में कठिनाई होती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बड़े अस्पताल में इलाज और ऑपरेशन कराना संभव नहीं था।
कुछ वर्ष पहले अविनाश ने जिला अस्पताल में चिकित्सकों से संपर्क किया। जांच के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान जाने की सलाह दी गई। इलाज का खर्च जुटाना परिवार के लिए चुनौती था। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन देकर सहायता की मांग की।
कैंप कार्यालय की पहल से रायपुर में हुआ इलाज
अविनाश की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने तत्काल आवश्यक पहल की। उन्हें रायपुर भेजकर डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार कराया गया। यहां उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपचार के बाद उनकी शारीरिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया और वे धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या की ओर लौट रहे हैं।
अविनाश ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनका इलाज संभव नहीं हो पा रहा था, लेकिन मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद उनकी समस्या पर तत्काल पहल हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री, चिकित्सकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
जरूरतमंदों के लिए सहारा बना कैंप कार्यालय
बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारी के उपचार में सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। अविनाश का सफल उपचार इसी व्यवस्था का एक उदाहरण है। समय पर मिली मदद से लंबे समय से परेशानी झेल रहे अविनाश को बेहतर उपचार मिला और अब वह स्वस्थ जीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं।