जशपुर/रायपुर। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘हिंदू केसरी सेवा, सुरक्षा एवं समरसता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान की घोषणा के बाद जशपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष और गौरव का माहौल है। सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जूदेव समर्थकों ने इसे प्रदेश के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव लंबे समय से सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण, जनजागरण एवं समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करने के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उनके नेतृत्व में अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन हुआ है, जिन्हें व्यापक जनसमर्थन मिला है।
यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण, समाजहित में किए गए कार्यों और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में किए गए प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है। जूदेव परिवार की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने समाज में एकता, जागरूकता और संगठनात्मक शक्ति को सुदृढ़ करने का कार्य किया है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके निरंतर सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जूदेव परिवार ने हमेशा समाज और संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समाजसेवा और सांस्कृतिक कार्यों में जुटे लोगों को नई प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भविष्य में भी समाजहित और जनकल्याण के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
इस सम्मान के बाद जशपुर जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में समर्थकों और सामाजिक संगठनों ने खुशी व्यक्त की है। लोगों का मानना है कि यह सम्मान केवल प्रबल प्रताप सिंह जूदेव का नहीं, बल्कि जशपुर और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान तथा सामाजिक मूल्यों का भी सम्मान है।
![]() |
| FILE |
