अंकिरा लंबे समय से क्षेत्र की जनता की मांग अब पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सराईटोली स्थित कोकिया नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए शासन से प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस पुल के निर्माण पर 4 करोड़ 14 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है।
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
स्टेट हाइवे मार्ग लावाकेरा–कोतबा सड़क पर स्थित कोकिया नाला का पुल बेहद संकरा और जर्जर स्थिति में था। आए दिन इस पुल पर जाम और दुर्घटनाएं होती रहती थीं। खासकर चारपहिया और भारी वाहनों के चालकों को यहां से गुजरने में काफी दिक्कतें उठानी पड़ती थीं। यह समस्या इतनी गंभीर हो गई थी कि आसपास के ग्रामीण लंबे समय से पुल को चौड़ा और मजबूत बनाने की मांग कर रहे थे।
मुख्यमंत्री के प्रवास पर हुई पहल
कुछ माह पूर्व जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सराईटोली प्रवास हुआ था, उस दौरान ग्रामीणों ने इस पुल की समस्या को उनके सामने प्रमुखता से रखा। ग्रामीणों की पीड़ा और आवागमन की असुविधा को समझते हुए मुख्यमंत्री ने मौके पर ही पुल निर्माण की घोषणा की थी। अब इस पर प्रशासनिक स्वीकृति मिल जाने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
विकास को मिलेगी नई दिशा
उच्चस्तरीय पुल का निर्माण होने से न केवल स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि लावाकेरा–कोतबा मार्ग से जुड़े अन्य क्षेत्रों के यातायात पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। व्यापार, कृषि उपज परिवहन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान होगी। सबसे बड़ी राहत यह होगी कि दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने जताया आभार
इस स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। पंडरीपानी मंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर साय, दिलीप साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष कपिलेश्वर सिंह, डीडीसी देवप्रकाश भगत, बीडीसी दयानिधि मानिक,भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा, कौशल्या यादव, घनश्याम यादव, हरदेव यादव, जितेन्द्र मांझी, जयप्रकाश यादव, तेजेश्वरी सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की दशकों पुरानी समस्या का समाधान करेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें