जशपुर:-- जिले में कोरोना के पॉजिटिव प्रकरण कम होने के कारण जिला प्रशासन ने संडे लॉकडाउन को खत्म करते हुए कई और छूटे दे दी है, पर दूसरे राज्यों की सीमाओं पर सख्ती बनी रहेगी। झारखंड सीमा पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है, क्योंकि झारखंड में अभी भी कोरोना पूरी तरह से कंट्रोल में नहीं है। झारखंड में बसें नहीं चल रही हैं और तीसरी लहर का खतरा भी बना हुआ है। इसे देखते हुए झारखंड सीमा पर लोदाम बैरियर में झारखंड से जिले में प्रवेश करने वाले हर गाड़ियों की एंट्री की जा रही है। वाहन में सवार लोगों का रेंडम जांच हो रही है, हालांकि बीते 28 दिन में हुई जांच में सिर्फ 1 पॉजिटिव केस मिला है। इस जांच को बंद करने के लिए अभी कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। सीमाओं पर पाबंदी आगे भी बनी रहेगी।
लोदाम चेकपोस्ट पर रोजाना स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की टीम बैठ रही है। दूसरे राज्यों से फिर से कोरोना का प्रवेश ना हो, इसके लिए झारखंड से जिले में प्रवेश करने वाली सभी गाड़ियों की जांच की जा रही है। बीते 28 दिनों में हुई लोदाम रूट से 1968 चारपहिया गाड़ियों ने जिले में एंट्री की है। इन गाड़ियों में सवारियों की संख्या 7 हजार 872 है। इनमें से 2376 लोगों की सीमा पर कोरोना जांच की गई। जांच में एक पॉजिटिव केस मिला, बाकी सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। िसर्फ इस जांच के चलते अभी लोगों का झारखंड आना-जाना कम हो रहा है। लोग आवश्यक काम से ही झारखंड जा रहे हैं। सीमा के उस पार शंख नदी पुल के बाद झारखंड सरकार भी जांच करा रही है। झारखंड में दूसरे राज्यों से प्रवेश करने वालों के लिए ई-पास होना जरूरी है। ई-पास झारखंड सरकार की एप के माध्यम से बन रहा है। शंख नदी पुल के अलावा रायडीह थाना के सामने भी जांच चल रही है। बगैर ई-पास वालों को झारखंड में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।
तीसरी लहर को आने से रोकने के लिए अब यह जरूरी
देश के कुछ राज्यों में कोरोना के नए वेरिएंट डेल्टा प्लस के मरीज मिल चुके हैं। दूसरी लहर में देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में छत्तीसगढ़ के शामिल होने की वजह महाराष्ट्र बाॅर्डर पर समय पर पाबंदी ना लगाया जाना था। ऐसी गलती फिर से ना हाे इसलिए दूसरे राज्यों की सीमाओं पर पूरी तरह से छूट लंबे समय तक नहीं दी जाएगी। जशपुर जिला झारखंड व ओडिशा राज्य की सीमा से लगा है। इसलिए दोनों ही सीमाओं पर रोजाना जांच चल रही है। राहत की बात है कि झारखंड व ओडिशा दोनों ही राज्यों में नए वेरिएंट के केस नहीं मिले हैं।
अब पार्क, सिनेमा हॉल और पर्यटन स्थल सभी खुलेंगे
जिले में कोविड-19 पॉजिटिव प्रकरणों की संख्या में गिरावट को देखते हुए कलेक्टर महादेव कावरे ने संशोधित आदेश दिया है। जिसमें पर्यटन स्थल, पार्क-वाटर पार्क, स्टेडियम, कोचिंग-ट्यूशन सेन्टर, सिनेमा हॉल-थियेटर, स्विमिंग पूल आम जनता के लिए उनके प्रचलित समय से अधिकतम रात 8.00 बजे तक खोले जा सकेंगे, पर सिनेमा हॉल-थियेटर का संचालन उनकी क्षमता के 50 प्रतिशत व्यक्तियों के लिए ही किया जा सकेगा। संबंधित व्यवसायिक प्रतिष्ठान तथा नगरीय निकाय-विभाग इसके लिए उत्तरदायी होगें। भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा।
रविवार लॉकडाउन खत्म पर बाजार नहीं लगेंगे
अब जशपुर जिले में रविवार को समस्त दुकान सुबह से रात 8 बजे तक खुलेंगी। प्रदेश के अधिकांश जिलों में संडे लॉकडाउन पहले ही खत्म किया जा चुका है। पर जशपुर जिले में बीते रविवार तक लॉकडाउन का पालन किया गया। लॉकडाउन में छूट सिर्फ दुकानों के लिए है।
झारखंड रूट पर बस नहीं
अभी भी झारखंड राज्य से बसों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। जशपुर के बस स्टैण्ड से झारखंड जाने वाली सभी बसों के पहिए थमे हुए हैं। जिला मुख्यालय से 48 बसें झारखंड के रांची व गुमला के लिए चलती हैं। इस रूट पर ही पैसेंजर की संख्या सबसे अधिक है, पर झारखंड में अभी भी दूसरी लहर पूरी तरह से कंट्रोल में नहीं आ पाया है। बसों के संचालन की छूट अभी नहीं दी गई है। जब तक झारखंड में परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जाती है तब तक वहां से लोगों की आवाजाही पर पाबंदी बनी रहेगी।
एक नजर झारखंड बाॅर्डर पर अब तक हुई जांच पर
{झारखंड से प्रवेश करने वाली गाड़ियां- 1968
{उसमें सवार पैसेंजर- 7872
{जांच रेपिड एंटीजन- 1627
{जांच आरटीपीसीआर- 448
{जांच ट्रूनेट जांच- 301
{पॉजिटिव मिले-01
(1 जून से 28 जून के बीच हुई जांच का आंकड़ा)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें