लोहित सिंह- जशपुर:--जिले में कोरोना कंट्रोल से बाहर हो चुका है। लॉकडाउन में केस घटने के बजाए और बढ़ रहे हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या 2 हजार के पार हो चुकी है, इधर मंगलवार को फिर से रिकार्ड संख्या में सबसे अधिक 295 नए केस सामने आए हैं। संक्रमण के ये आंकड़े डराने वाले हैं। बुधवार को कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। मरने वालों की संख्या अब 57 हो चुकी है।
शहर के बनियाटोली निवासी 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान कोरोना से मौत हो गई। बुजुर्ग को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सांस लेने में हो रही तकलीफ के कारण उन्हें ऑक्सीजन में रखा था। पर लगातार ऑक्सीजन में होने के बावजूद सांसों की डोर टूट गई। दूसरी मौत दुलदुला विकासखंड में 67 वर्षीय एक वृद्ध व तीसरी मौत कांसाबेल ब्लॉक में हुई है। कोरोना से मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। इधर कोविड-19 हॉस्पिटल में बेड की मारामारी बनी हुई है। सभी 75 ऑक्सीजन बेड फुल हैं। गंभीर कोविड मरीजों को सुविधा देने के लिए एंबुलेंस की दौड़ कोविड केयर सेंटर से कोविड हॉस्पिटल के लिए लगातार जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि जिन मरीजों की सेहत में सुधार होता है, उन्हें कोविड-19 हॉस्पिटल से डोंड़काचौरा में शिफ्ट किया जा रहा है।
बेड खाली इसलिए रखा जा रहा है, ताकि ब्लॉकों के आइसोलेशन सेंटर, केयर सेंटर व होम आइसोलेशन से यदि कोई गंभीर मरीज आता है तो उसे इंतजार ना करना पड़े। बेड की इस कमी को देखते हुए शहर के सिटी हेल्थ सेंटर में भी कोरोना मरीजों के इलाज की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को हेतु सेंटर में वर्तमान में उपलब्ध आईसीयू बेड, वेंटिलेटर सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।
सावधान: शहर में कोरोना विस्फोट, 38 पॉजिटिव मिले:--
बुधवार को शहर में बड़ी संख्या में कोरोना मरीजों के मिलने की पुष्टि हुई है। जिला अस्पताल व नगरपालिका परिसर में लगे कैंप में बुधवार को 170 लोगों ने पहुंचकर कोरोना जांच कराई। ये सभी लोग लक्षण आने के बाद खुद ही जांच के लिए पहुंचे थे। जांच में 38 लोग रेपिड एंटीजन किट की जांच में पॉजिटिव मिले हैं। इस आंकड़े में ट्रू नेट जांच शामिल नहीं है। इसकी रिपोर्ट गुरुवार को मिलेगी। शहर में भी हालात खराब हो रहे हैं।
पहले की भीड़भाड़ व असावधानी का नतीजा:--
डॉक्टरों का कहना है कि लाॅकडाउन में केस ज्यादा निकलने की वजह पूर्व में लोगों द्वारा बरती लापरवाहियां है। अभी भले ही लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं पर इससे पहले तक सामाजिक मेल मिलाप जारी था। कुछ दिन पहले तक लोग बगैर मास्क के भी घर से निकल रहे थे। वायरस का शरीर में असर 4 से 7 दिनों बाद आना शुरू होता है। पूर्व में यदि कोई संक्रमित हुआ है तो उसके लक्षण अब आ रहे हैं और व्यक्ति टेस्ट कराने पहुंच रहा है।
कदमटोली, भागलपुर सहित 4 नए कंटेनमेंट जोन बने:--
कदमटोली में 7 एवं भागलपुर में 8 व्यक्ति, ग्राम मुड़ापारा, करंगा बहला बस्ती में 6 व्यक्ति के कोरोना संक्रमित मिलने पर संबंधित ग्राम के निर्धारित परिधि क्षेत्र को 20 अप्रैल के रात 11.59 बजे तक के कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। कदमटोली के उत्तर दिशा में तेतर टोली तक, दक्षिण में कदमटोली तक, पूर्व दिशा में जगेश्वर के मकान तक, पश्चिम में कैलाश प्रधान के घर तक एवं भागलपुर के उत्तर दिशा में बंधन राम के मकान तक, दक्षिण दिशा में रणविजय सिंह की भूमि तक, पूर्व दिशा में बजरंग के दुकान तक, पश्चिम में बजरंगबली मंदिर तक का एरिया कंटेनमेंट जोन घोषित किया है।
कोरोना से मृत व्यक्ति का शव मुक्तांजली वाहन में डालते स्वास्थ्यकर्मी।
कोरोना से मृत व्यक्ति का शव मुक्तांजली वाहन में डालते स्वास्थ्यकर्मी।
एक्टिव केस---2282
ठीक हुए-- 5354
पाॅजिटिव --7688
अब तक में सबसे अधिक एक्टिव केस :-
जिले में एक्टिव केस की संख्या 2282 हो चुकी है। इतनी बड़ी संख्या में एक साथ सक्रिय मरीज पहली बार जिले में हैं। पहली लहर के पीक टाइम पर इससे आधे से भी कम मरीज एक साथ सक्रिय थे। जिला प्रशासन संक्रमण की रोकथाम का हर संभव प्रयास कर रही है। जिले में मरीजों के इलाज के लिए ब्लॉकों के आइसोलेशन सेंटरों को मिलाकर 1100 बेड हैं। आधे से अधिक मरीज होम आइसोलेशन में हैं, आइसोलेशन सेंटरों में बेड खाली हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें